श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों के संबंध में कार्य योजना तैयार कर ली गई है। इस पर अमल के लिए 20 अगस्त तक की समय सीमा तय हुई। डीएम राजेश कुमार ने सोमवार को जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक की।
बैठक में डीएम को अवगत कराया गया कि बीते साल 12 पार्किंगस्थल बनाए गए थे। इनमें से तीन पार्किंग स्थलों पर मकान बन गए हैं। इनकी जगह रामलीला मैदान में पार्किंग का सुझाव दिया गया। इस पर डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट के साथ बैठक कर पालिका के ईओ को पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए। सड़कों की मरम्मत, प्रकाश की व्यवस्था और पार्किंग स्थलों पर लाइटिंग के साथ मोबाइल टायलेट की व्यवस्था कराने को कहा है। संकरी गलियों में भी प्रकाश की व्यवस्था करने को कहा गया।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को जन्माष्टमी पर निर्बाध आपूर्ति, पीडब्ल्यूडी से बैरिकेडिंग और सीएमओ को मेडिकल कैंप व एंबुलेंस के इंतजाम कराने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक केजेएस को निर्देशित किया कि वीआईपी मार्ग से केवल वीआईपी वाहनों को ही प्रवेश दिया जाए। बैठक में सीडीओ मनीष वर्मा, एडीएम प्रशासन धीरेंद्र प्रताप सिंह, एडीएम वित्त जयशंकर मिश्र, एडीएम कानून व्यवस्था सुरेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक केजीएस हृदेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट विजय कुमार, एसडीएम मांट अन्जनी कुमार और एसडीएम छाता रामअरज सहित अन्य विभागों के अधिकारी व पालिकाध्यक्ष मनीषा गुप्ता उपस्थित रहीं।
अवैध पशुकटान रोकने की मांग
मथुरा। देश-विदेश से लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने वाली भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पशुओं के अवैध कटान से विचलित है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के प्रतिबंध के बाद भी कोतवाली सहित तीन पुलिस थानों के बीच पशुओं का अवैध कटान हो रहा है। यह स्थल श्रीकृष्ण जन्मस्थान से महज चंद कदम दूर हैं। जन्माष्टमी की तैयारियों में जुटे डीएम को श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान ने एक पत्र दिया है। इसमें दरेसी मार्ग पर पशुकटान को रोकने के लिए हाईकोर्ट के आदेश की याद दिलाई है। इसके अलावा जन्मस्थान से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर मांस और शराब की बिक्री को भी इंगित किया है। संस्थान के संयुक्त मुख्य अधिशासी राजीव श्रीवास्तव ने इस पत्र में पार्किंग, संपर्क मार्गों की मरम्मत, विद्युत आपूर्ति, रेलबस सेवा, अस्थाई सामान घर, प्रकाश, अतिक्रमण सहित विभिन्न बिंदुओं पर व्यवस्थाएं कराने की मांग की है।