ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए पुलिस की ओर से कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। पहले चरण के मतदान में छाता, नंदगांव और चौमुंहा ब्लाक के 214 मतदान केंद्रों पर शनिवार को वोट डाले जाएंगे। शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए 2500 से अधिक पुलिस के जवान, होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। इसमें पहलेे से अधिक पुलिस अधिकारियों के दस्ते तैनात किए जा रहे हैं।
पहले चरण में 23 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील, 92 केंद्र संवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं। 493 बूथों वाले इस चुनाव को तीन सुपर जोन, आठ जोन में बांटा गया है। सुपर जोन में एक एएसपी और एडीएम स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। जोन में सीओ और एसडीएम स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पूरे चुनाव में 175 एसआई, 130 एचसीपी, 825 सिपाही, 1154 होमगार्ड, एक कंपनी पीएसी के जवानों को मतदान केंद्रों पर तैनात किया जा रहा है।
23 मतदान केंद्रों पर होगी वीडियोग्राफी
पंचायत चुनावों में तीन ब्लाक के 23 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील और ज्वलनशील की श्रेणी में रखे गए हैं। इन पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों की पहचान के लिए पुलिस की ओर से पूरे मतदान की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इन केंद्रों पर हर समय कैमरामैन हंगामा करने वालों की रिकॉर्डिंग करेंगे।
मारपीट की सूचना पर दौडे़ंगे 54 मोबाइल दस्ते
मतदान के दौरान मारपीट, हंगामा आदि सूचनाओं पर तुरंत मौके पर पहुंचने के लिए 54 मोबाइल दस्ते बनाए गए हैं। इनमें 12 सुपर क्लस्टर, 12 थानाध्यक्षों की टीम और 30 क्लस्टर बनाए गए हैं। इसमें चार से पांच मतदान केंद्रों के बीच एक दस्ता गतिमान रहेगा। सभी दस्ते छह से अधिक पुलिस कर्मियों और अत्याधुनिक हथियारों, डिजिटल कैमरों से लैस होंगे। जरूरत पड़ने पर दंगा करने वालों के चेहरे कैमरे में कैद करेंगे।
आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
प्रधान पद के लिए तीन ब्लाकों में होने वाले चुनाव के लिए रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस ब्रीफिंग की गई। इसमें 500 से अधिक पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। इसमें हंगामे की सूचना पर तुरंत पहुंचने, लोगों को समझाने, मतदान केंद्र के बाहर भीड़ इक_ी न होने देने, अफवाह न फैलाने देने, मामला गंभीर होने पर अधिकारियों को अवगत कराने को कहा गया। साथ ही विवादित वोट के लिए प्रशासनिक अधिकारी और पीठासीन अधिकारी के संज्ञान में लाकर संतुष्ट कराने को कहा।