मथुरा। जनपद की 26 गोशालाओं के संचालन को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने उन्हें गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता की पहल पर की गई है। संबंधित अधिकारी गोशालाओं का चयन करने में जुट गए हैं।
चयनित गोशालाओं का संचालन अनुभवी एनजीओ को सौंपा जाएगा ताकि गोवंश की देखभाल, चारा-पानी और चिकित्सा सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जा सकें। जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र नारायण शुक्ला के निर्देश में इन गोशालाओं का सर्वे कराया जा रहा है। शासन की ओर से 16 और जनपद स्तर पर 10 गोशालाओं एनजीओ देने की तैयारी की गई है। विभागीय अधिकारी विभिन्न गोशालाओं की स्थिति, क्षमता और संसाधनों की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने बताया कि एनजीओ की भागीदारी से गोशालाओं के संचालन में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।
गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग
वृंदावन। गो हत्या पर प्रतिबंध लगाने और गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को लेकर राधावल्लभ घेरा स्थित श्री राधानगर युगल किशोर मंदिर में बैठक का आयोजन किया गया।
वक्ताओं ने गो संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए केंद्र और राज्य सरकारों से ठोस कदम उठाने की अपील की। ब्राह्मण महासभा के संस्थापक सुरेश चंद्र शर्मा एवं सेवायत योगेंद्र वल्लभ गोस्वामी ने बताया कि गो सम्मान आह्वान अभियान 27 अप्रैल 2026 को पूरे देश में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना, गो हत्या पर प्रतिबंध लगाना है।
ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष महेश भारद्वाज एवं मीडिया प्रभारी गोपाल शरण शर्मा ने कहा कि यह अभियान स्वैच्छिक जन आंदोलन है। बैठक में यतींद्र वल्लभ गोस्वामी, याग्वेंद्र वल्लभ गोस्वामी, नागेंद्र वल्लभ गोस्वामी, सुमनकांत पालीवाल, पूरन किशोर शर्मा, ब्रजेश शर्मा, योगेश योगीराज, विवेक गौतम, विष्णुकांत शर्मा, गिरीश अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद