मथुरा। प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन तैयारी में जुट गया है। रेलवे जंक्शन से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की कवायद शुरू हो गई है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 20 से अधिक एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की प्रक्रिया चल रही है। जिससे यात्रा के दौरान लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़े।
जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। ये सुविधा 11 जनवरी से मुहैया कराई जाएगी। रेलवे ने कुल 20 ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के कोच बढ़ाने को लेकर कवायद शुरू कर दी है। जंक्शन से प्रतिदिन 35 हजार से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। आगामी जनवरी में महाकुंभ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का प्रयागराज आवागमन होगा। यात्रियों के लिए जंक्शन से चलने वाली प्रयागराज के लिए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ाए जाएंगे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ के लिए कोलकाता, प्रयागराज सुपरफास्ट के अलावा अन्य ट्रेनों का संचालन करने के लिए विभाग चार्ट तैयार कर रहा है। पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि महाकुंभ को लेकर तैयारी चल रही है। मथुरा जंक्शन से भी विशेष ट्रेनों के साथ अन्य ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। सफर के दौरान श्रद्धालुओं की रेलवे अधिकारी पूरी मदद करेंगे।
नियमित ट्रेनों में भी कोच बढ़ेंगे
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उच्चाधिकारियों के साथ महाकुंभ को लेकर बैठक चल रही है, जिसमें यात्रियों को सुविधा देने पर जोर दिया जा रहा है। महाकुंभ के दौरान मेल एक्सप्रेस और अनारक्षित ट्रेनों में भीड़ को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में अतिरिक्त स्लीपर और जनरल कोच जोड़े जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा आसान और सुविधाजनक होगी।
श्रद्धालुओं के लिए ये रहेंगी विशेष सुविधाएं
- स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन के लिए सीसीटीवी कैमरे और मॉनिटरिंग सिस्टम।
- टिकटिंग में तेजी लाने के लिए स्वचालित मशीनें पूरी तरह दुरुस्त रहेंगी।
- स्टेशन परिसर में विशेष साफ-सफाई के साथ श्रद्धालुओं को बैठने के लिए समुचित व्यवस्था।