वृंदावन। प्रस्तावित श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास गठन के विरोध में अब महिलाएं भी खुलकर आगे आ गई हैं। सोमवार को वृंदावन की महिलाओं ने विद्यापीठ चौराहे स्थित सती माता मंदिर में एकत्र होकर विशेष पूजन-अर्चन कर विरोध जताया। महिलाओं ने सती माता से प्रार्थना की कि वे कॉरिडोर जैसी योजना का नाश करें और अधिकारियों को सद्बुद्धि प्रदान करें।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं नीलम गोस्वामी ने कहा कि बांकेबिहारी जी हमारे आराध्य हैं। उनके मंदिर का स्वरूप और वातावरण हमारे जीवन का हिस्सा है। कॉरिडोर परियोजना इस पावन स्थल की आत्मा को चोट पहुंचाने वाली है। हम सती माता से यही कामना करते हैं कि वे हमें इस विनाशकारी परियोजना से बचाएं। महिलाओं का कहना है कि प्रस्तावित कॉरिडोर मंदिर की पारंपरिक व्यवस्था, स्थानीय संस्कृति और धार्मिक भावना के विपरीत है।
उनका मानना है कि इससे न केवल मूल मंदिर स्वरूप को क्षति पहुंचेगी, बल्कि हजारों स्थानीय परिवारों की रोज़ी-रोटी पर भी संकट आ जाएगा। इस पूजन कार्यक्रम में सुनीता गोस्वामी, मीना गोस्वामी, गीत गोस्वामी, सुमन गोस्वामी, मधु गोस्वामी, पुष्पा गोस्वामी, अंजना गोस्वामी, पूजा गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।