मथुरा। अबकी बार जुमे की नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम मस्जिदों में नहीं आ सकेंगे। ऐसे इंतजाम पुलिस-प्रशासन ने कर लिए हैं। जनपद पुलिस को अलर्ट करते हुए मुस्लिम समाज को समझाया गया है कि वह अपने घरों में ही जुमे की नमाज अदा करें। पुलिस ने भी मुस्लिम समाज से ऐसी अपील की है, जिससे की सामाजिक दूरी का पालन कराया जा सके।
वैश्विक महामारी नोबल कोरोना वायरस को लेकर पूरी एहतियात बरती जा रही है। सामाजिक दूरी का पालन कराने के मामले में पुलिस अब सख्ती बरतेगी। इसके लिए जनपद पुलिस को अलर्ट पर कर दिया गया। एसएसपी ने जनपद पुलिस को कड़े निर्देश दिए हैं कि सामाजिक दूरी का पालन न करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। शुक्रवार को जुमे की नमाज को देखते हुए मस्जिदों में भीड़ न लगे, इसके लिए पुलिस ने मुस्लिम समाज को समझाया कि घरों में रहकर नमाज अदा करें। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि घरों में जुमे की नमाज अदा करें। मस्जिदों में मौलवी और इमाम जुमे की नमाज अदा कर सकते हैं। मस्जिदों में भीड़ एकत्रित होने से सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो सकेेगा। ऐसा कोई पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।