गांव भवनपुरा पहुंचे अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया व अन्य।
- फोटो : MATHURA
गोवर्धन (मथुरा)। भवनपुरा गांव में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि देश में हिंदू और हिंदुत्व खतरे में है। हिंदुओं की संख्या में लगातार कमी आ रही है। पूरे विश्व में 1400 वर्ष पहले कोई भी मुसलमान नहीं था और दो हजार वर्ष पहले कोई भी ईसाई नहीं था। पूरे विश्व में 800 करोड़ हिंदू थे। अब उनकी आबादी घट कर सौ करोड़ रह गई है।
उन्होंने कहा कि हम हिंदुओं को संगठित करने का काम कर रहे हैं। हिंदू की कोई भी जाति हो, लेकिन सबसे पहले वह हिंदू है। आज देश में महिलाओं की सुरक्षा नहीं है। देश की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उन्होंने कहा हिंदू और मुसलमान में कोई फर्क नहीं है, फर्क है तो धर्म के आधार पर है।
सरकार को पाकिस्तान के हिंदुओं की तो चिंता है, लेकिन अपने देश के उन हिंदुओं की चिंता नहीं है, जो अपने घरों को छोड़ कर अपने यहां शरणार्थी बन कर रह रहे हैं। हिंदुओं की रक्षा करने वाले अशोक सिंघल जी को भारत रत्न का सम्मान मिलना चाहिए। सीएए के ऊपर उन्होंने कहा कि जब कानून बन गया तो इसके समर्थन में रैली निकाल कर प्रदर्शन करने की आवश्यकता नहीं है।
भवनपुरा में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के चेयरमैन चौ. गोविंद सिंह, गो रक्षक हरे कृष्ण चौधरी, बाबा कढ़ेरा सिंह विद्या मंदिर के चेयरमैन सुरेश सिंह, हरीश चंद्र सिंह आदि ने उनका स्वागत किया।