मथुरा। बिजली चोरों के खिलाफ बिजली विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। दो दिन से लगातार बिजली चोरों के खिलाफ अभियान चलाकर देहात में 30 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई है। इनमें कई तो मीटर को बाईपास करके बिजली चला रहे थे तो कई ऐसे थे जिन्होंने तार में कट लगाकर बिजली चोरी करने का जुगाड़ कर रखा था।
हाईलॉस और लाइन लॉस वाले दोनों फीडरों में बिजली विभाग ने अभियान चलाया। देहात के कचनऊ, सेलखेड़ा, बरौली, उमरी, लालपुर आदि क्षेत्र में बिजली विभाग के चेकिंग अभियान से खलबली मच गई। बिजली विभाग को चेकिंग में करीब 30 घरों चोरी से बिजली जलती मिली। बिजली विभाग ने इनके केबल कब्जे में लेकर वीडियो क्लिप बनाई। इसके बाद बिजली विभाग ने सभी मकान मालिकों के नाम नोट करके सभी के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। लगातार लाइन लॉस कम करने के लिए जुटे बिजली विभाग के सामने अब बिजली चोर चुनौती खड़ी कर रहे हैं। फिर भी बिजली विभाग ऐसे बिजली चोरों से निबटने के लिए तत्पर दिख रहा है।
एसई देहात विनोद कुमार गंगवार ने बताया कि 30 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई है। इनके खिलाफ थाना कृष्णानगर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। हर हाल में यह अभियान बिजली चोरी करने वालों पर अंकुश लगाएगा।