मथुरा। भीषण गर्मी के बीच बुधवार शाम 132 केवी विद्युत उपकेंद्र औरंगाबाद में आई तकनीकी खराबी के चलते कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई। उपकेंद्र से संचालित 33 केवी औरंगाबाद लाइन की सीटी (करंट ट्रांसफाॅर्मर) से धुआं निकलते ही विद्युत अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत लाइन बंद कराकर सप्लाई रोक दी। रात में ही सीटी को बदलने का कार्य किया गया, लेकिन पूरी रात विद्युत की आंख मिचौली से लोग परेशान रहे।
अचानक बिजली कटने से औरंगाबाद उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच घरों में पंखे, कूलर और एसी बंद हो गए, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की दिक्कतें बढ़ गईं।
बिजली अधिकारियों के अनुसार 33 केवी लाइन की सीटी में तकनीकी समस्या आने के कारण उसमें से धुआं निकलने लगा था। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद विभाग की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फिलहाल सीटी में ऑयल टॉप-अप और आवश्यक मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।
कर्मचारियों ने देर रात तक उपकेंद्र पर डटे रहकर खराबी दूर करने का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना है कि विद्युत उपकरणों की सुरक्षा और उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य तेजी से कराया गया, ताकि सप्लाई को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। एसडीओ सौरभ मिश्रा ने बताया कि देर रात कुछ स्थानों को छोड़कर बाकी क्षेत्र की विद्युत सप्लाई चालू कर दी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो जाता है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच कुछ घंटों की बिजली बाधित होने से ही लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।