सपा नेताओं का आरोप है कि पोस्टरों के माध्यम से न केवल पार्टी नेतृत्व की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया, बल्कि जनपद में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़कर धार्मिक वैमनस्य फैलाने की भी साजिश रची गई। कार्यकर्ताओं ने मंगलवार सुबह गोवर्धन चौराहे के निकट, एफसीआई गोदाम के निकट और गोवर्धन रोड पर लगभग पांच स्थानों पर विवादित होर्डिंग और बैनर हटवाए हैं।
कुछ स्थानों पर सपा समर्थकों ने प्रदर्शन भी किया गया। मामले को लेकर सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी हाईवे थाने पहुंचे और अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में कहा गया कि इस तरह की हरकतों से जनपद की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, इसलिए दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है और इस प्रकार की राजनीति को कतई स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्व माहौल खराब करने के उद्देश्य से इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। पार्टी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। तहरीर देने वालों में प्रदेश सचिव जागेश्वर यादव, वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी, राजेंद्र सिकरवार, पूर्व महानगर महासचिव रवि यादव, संगम यादव, मयंक यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राघवेंद्र सिंह, देवकीनंदन कश्यप, मनीष आजाद समेत अन्य शामिल रहे। इधर, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर रही है।