वृंदावन के ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के समीप गंगा मंदिर वाली गली में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होने से बच गया। गली में स्थित एक पुराने बंद मकान के छज्जे का हिस्सा (लटकन) अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त गली में कोई मौजूद नहीं था। घटना के बाद नगर निगम की कार्रवाई पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
गंगा मंदिर गली में एक बंद मकान के आगे निकल रहे छज्जे का हिस्सा शाम करीब चार बजे गिर गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के मकानों में रह रहे लोग बाहर निकल आए। पड़ोसियों के अनुसार, मकान मालिक अन्य राज्य में रहते हैं। यह मकान लगभग तीस साल पहले बना था, जो कि लंबे समय से बंद है। मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने पर पुलिस द्वारा पक्के चबूतरे से श्रीबांकेबिहारी मंदिर जाने वाले भक्तों को इसी गंगा मंदिर वाली गली से होकर डायवर्ट किया जाता है।