नगर में दाैड़ रहे ई रिक्शाओं पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस टीम ने तिराहे-चौराहों पर बिना रजिस्ट्रेशन एवं गैर रूट पर चल रहे ई रिक्शाओं पर सीज की कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से ई रिक्शा चालकों में हलचल मच गई है।
नगर निगम से रजिस्ट्रेशन न कराने व बिना रूट निर्धारण के ई रिक्शा चलाने वाले तथा गैर रूट पर ई रिक्शा पाए जाने पर पुलिस ने नगर के तिराहे-चौराहों पर चैकिंग अभियान चलाया है। रमणरेती मार्ग, रंगजी मंदिर के सामने एवं छटीकरा मार्ग पर चले चैकिंग अभियान में पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के ई रिक्शा सीज की कार्रवाई की है।
पुलिस उच्चाधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को सोमवार को 270 ई रिक्शाओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने अटल्ला चुंगी चौराहा, अपराध निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने चुंगी चौराहा पर चैकिंग अभियान चलाकर सौ से अधिक ई रिक्शाओं पर सीज की कार्रवाई की है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि गैर रूट, बिना रजिस्ट्रेशन एवं यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 105 ई रिक्शाओं को सीज किया गया है। यह चैकिंग अभियान निरंतर चलेगा।