मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र के अशोक सिटी अपार्टमेंट में रविवार देर रात भाजपा नेता भूपेंद्र चौधरी और उनके भाई सुशील चौधरी द्वारा प्लास्टिक फैक्ट्री के संचालक व उनके पड़ोसी के पिटाई के मामले में पुलिस मंगलवार को आरोपियों की तलाश में दौड़ती रही। हालांकि सभी फरार हो गए हैं।
पुलिस ने इनके मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लेकर लोकेशन खंगालने की कोशिश की। दूसरी ओर पुलिस ने अपार्टमेंट में जाकर सीसीटीवी व लोगों द्वारा मोबाइल में कैद की गई घटना की फुटेज भी तलब की है, जिससे की अज्ञात बाउंसरों व हमलावरों की शिनाख्त कर उनकी पहचान की जा सके।
बता दें कि बच्चों के बीच व्हाट्सएप ग्रुप पर हुए विवाद के बाद भूपेंद्र चौधरी व उसके भाई सुशील चौधरी ने 10-12 अज्ञात बाउंसरों के साथ जाकर अशोका सिटी निवासी प्लास्टिक फैक्ट्री संचालक व उनके पड़ोसी के परिवार से मारपीट कर दी थी। आरोप है कि नाबालिग बेटियों के कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भूपेंद्र चौधरी और उनके भाई सुशील चौधरी सहित अज्ञात 10 से 12 बाउंसरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम, छेड़खानी, मारपीट, बलवे, हमले आदि सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद अशोका हाईट्स में रहने वाले अन्य लोग घरों में दहशत फैली हुई है।
माननीयों से लेकर भाजपा नेताओं तक ने पुलिस पर बनाया दबाव
भूपेंद्र के पक्ष में भाजपा नेताओं ने पुलिस पर खूब दबाव बनाया। जिले के एक माननीय ने कुछ उच्चाधिकारियों को भी फोन किए। इसकी जानकारी जब दूसरे पक्ष को हुई तो उन्होंने माननीय को फोन किया। माननीय ने फोन करने के पीछे अपनी मजबूरी लोगों के सामने जाहिर करते हुए साफ कहा कि वह आगे से इसकी पैरवी नहीं करेंगे। इधर, पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।