मथुरा। पुलिस द्वारा पकड़े गए अपहरणकर्ता के बारे में जानकारी देते सीओ छाता जगदीश कालीरमन और बराब?
- फोटो : MATHURA
मथुरा। महोली रोड निवासी एक केमिकल कारोबारी का तीन युवकों ने नरी सैमरी के निकट से कार सहित अपहरण कर लिया। अपहरण में बाद रकम वसूलने से पहले ही तीनों को छाता पुलिस ने दबोच कर कारोबारी को उनके चंगुल से मुक्त करा लिया है।
महोली रोड निवासी देवेश कुमार की महोली रोड पर गौड उद्योग केंद्र के नाम से केमिकल का कारोबार है। देवेश के पास गुरुवार को युवक का फोन आया और बताया कि उसकी कोसीकलां में साड़ी छपाई की फैक्ट्री है। उसे केमिकल खरीदना है। युवकों ने देर शाम देवेश को छाता क्षेत्र में नरी सैमरी फाटक के पास बात करने बुलाया।
सीओ छाता जगदीश कालीरमन ने बताया कि रात को देवेश केमिकल की बात करने नरी सेमरी फाटक पहुंचा तो तीन युवकों ने उसका कार सहित अपहरण कर लिया। सीओ ने बताया कि इसकी सूचना देवेश के परिजनों ने छाता पुलिस को दी। सूचना पर छाता पुलिस ने महोली रोड निवासी अनुज सारस्वत, प्रशांत सिंह निवासी ईशापुर रोड यमुनापार, अभिषेक सिंह निवासी डेंपियर नगर को दबोच लिया।
छाता पुलिस ने देवेश को उसकी कार सहित बरामद कर लिया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और सफेद गमछा बरामद किया है। सीओ ने बताया कि अनुज सारस्वत ने कुछ दिन पूर्व केमिकल का कारोबार किया था। उसमें उसे घाटा हो गया था। इस कारण अनुज ने देवेश के अपहरण की साजिश रची थी।