फरह (मथुरा)। आगरा के करोड़पति किसान को हनी ट्रैप में फंसाने वाले दरोगा, सिपाही व हिस्ट्रीशीटर को पुलिस तलाश नहीं कर सकी, लेकिन आरोपी महिला सपना उर्फ राजबाला को गिरफ्तार कर लिया। वह कदंब विहार में किराये के मकान में रह रही थी। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फरह के ओल इलाके में आगरा के करोड़पति किसान जगदीश को अपने प्रेमजाल में फंसाकर गोवर्धन की रहने वाली महिला सपना उर्फ राजबाला और उसके दोस्त श्याम जाट ने 12 लाख रुपये हड़प लिए थे। पिछले दिनों महिला ने गांव के हिस्ट्रीशीटर प्रधान खूबीराम, श्याम और चौकी प्रभारी ओल व सिपाही के साथ मिलकर किसान को ओल में बुलाकर बंधक बना लिया। इसके बाद उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाए और उसकी कार को चौकी पर खड़ा कर लिया। एक लाख रुपये भी चौकी प्रभारी ने वसूल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चौकी प्रभारी कपिल कुमार व सिपाही राकेश सहित पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला सपना को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 18 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। वहीं आरोपी पुलिसकर्मियों सहित अन्य तीन आरोपियों को नहीं पकड़ सकी। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी होगी। उनकी तलाश की जा रही है।