मथुरा। साइबर सेल ने बलदेव पुलिस के सहयोग से दो अंतरराज्यीय ठगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 28 हजार की नकदी और एक मोबाइल बरामद किया है।
थाना बलदेव में कुछ दिन पहले गूगल पे के जरिए ठगी का मामला दर्ज किया गया था। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने यह टास्क साइबर सेल प्रभारी नितिन कसाना को सौंपा। प्रभारी ने टीम के साथ इस पर काम किया और बलदेव के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह के सहयोग से दो ठगों को पकड़ लिया। बलदेव के व्यक्ति के साथ हुई ठगी का खुलासा हो सका। एसपी क्राइम राधेश्याम राय ने बताया कि पकड़े गए ठग हासिम पुत्र मुन्ने खां निवासी सुभाष नगर, जगदीशपुरा (आगरा) और मनीष पुत्र दम्मू निवासी देवसेरस (गोवर्धन) है। इनके पास से 28 हजार की नकदी और मोबाइल बरामद किया गया है। टीम में एसएचओ बलदेव जसवीर सिंह, साइबर सेल प्रभारी नितिन कसाना, एसआई जतिन पाल, मुख्य आरक्षी राघवेंद्र सिंह, आरक्षी संजय कुमार, योगेंद्र सिंह, विपिन कुमार, विशाल कुमार, अनूप कुमार, सूरजवीर सिंह आदि शामिल थे।
चार राज्यों के लोगों को बना चुके हैं ठगी का शिकार
पेटीएम, गूगल पे, फोन पे, फेसबुक आदि एप के माध्यम से मथुरा, कासगंज, आगरा, हाथरस, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड के जनपदों में ऑनलाइन ठगी करके भोले भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे। इससे पूर्व भी साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी करने वालों को पकड़ा था।