मथुरा। ग्वालियर में केटरिंग कारोबारी को देवी जागरण में अचेत कर पांच लाख से अधिक के जेवरात उड़ाने वाले मंगलामुखी को भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस में ताली बजाकर पैसे मांगते हुए पकड़ लिया। मंगलामुखी के खिलाफ ग्वालियर थाने में मुकदमा दर्ज है। पीड़ित व्यापारी ने आरपीएफ के हवाले कर दिया।
माधवगंज लश्कर निवासी केटरिंग व्यापारी नीरज जैन का ग्वालियर में कैटरिंग का काम है। नीरज जैन के अनुसार बीते अगस्त माह में मंगलामुखी काजल पत्नी हर्ष नायर निवासी वाल्मीकि भवन रोड गुरुदासपुर पंजाब ने अपनी मुंह बोली बेटी की शादी लिए केटरिंग बुक की थी। इसके बाद वह परिवार में घुल मिल गया। इसके बाद उसने देवी जागरण कराया। देवी जागरण के दौरान ही उसने पूजा के बहाने सबको अचेत कर दिया और पांच लाख के जेवरात ले उड़ी। दो जनवरी को जब वह भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा था तो मंगलामुखी उन्हें ट्रेन में मिल गया। इसकी सूचना आरपीएफ को दे दी। आरपीएफ ने जीआरपी के माध्यम से इसकी सूचना ग्वालियर पुलिस को दी। जीआरपी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि काजल को ग्वालियर पुलिस को हवाले कर दिया है।