इतनी सी बात हवाओं को बताए रखना, रोशनी होगी चिरागों को जलाए रखना, लहू देकर की है जिसकी हिफाजत हमने, ऐसे तिरंगे को हमेशा अपने दिल में बसाए रखना। इन पंक्तियों के साथ मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मथुरा पुलिस लाइन में एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आगरा परिक्षेत्र, शैलेश कुमार पाण्डेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अमर शहीद जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।
परंपरा के अनुसार, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय और एसएसपी श्लोक कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किए और कर्तव्य पथ पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। जवानों ने सशस्त्र सलामी देकर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान दिया।
पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को वर्ष 1959 की उस ऐतिहासिक और दुखद घटना की याद में मनाया जाता है। आज ही के दिन, लद्दाख के हॉट-स्प्रिंग के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक गश्ती दल पर पहले से घात लगाए बैठे चीनी सैनिकों ने हमला कर दिया था।
इस अचानक हुए हमले में सीआरपीएफ के 10 वीर जवान शहीद हो गए थे, जबकि सात अन्य घायल हुए थे। उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए, जनवरी 1960 में लिए गए निर्णय के अनुसार, इस दिन को राष्ट्रीय पुलिस दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो देश भर में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सभी पुलिसकर्मियों के सम्मान का प्रतीक है।
डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ का संदेश सभी उपस्थित पुलिसकर्मियों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने विगत एक वर्ष में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से याद किया और उनकी शहादत की गाथा से सभी को अवगत कराया।
इस भावपूर्ण कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, समस्त थाना प्रभारी, पीआरओ एसएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में राष्ट्र और जनसेवा में समर्पित शहीद पुलिसकर्मियों को अपनी श्रद्धांजलि दी।