मथुरा। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच करते हुए। फाइल फोटो
- फोटो : mathura
वृंदावन। श्रीजी मुकुंदम गेस्ट हाउस में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के मामले में पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस को युवती के परिजन का इंतजार है। उनके आने के बाद ही पुलिस की जांच को दिशा मिलेगी। वहीं गेस्ट हाउस संचालक भी अभी हाथ नहीं आया है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।
बता दें कि पुष्पांजलि बैकुंठ फेस वन में श्रीजी मुकुंदम गेस्ट हाउस में पंजाब के फाजिल्का की रहने वाली युवती सुनीतारानी का शव कमरे के बाथरुम में मिला था। उसके गले पर चोट के निशान थे। वहीं किराए पर गेस्ट हाउस चलाने वाला सुनील शर्मा भी गायब था। पुलिस ने परिजन को सूचना दे दी थी, लेकिन वह शुक्रवार तक वृंदावन नहीं पहुंचे। उनके आने के बाद ही पुलिस को कई जानकारियां मिल सकेंगी। वहीं संचालक सुनील शर्मा की तलाश में पुलिस की टीमें उसके हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही हैं।
सीओ संदीप सिंह का कहना है कि परिजन के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। संचालक की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।