नौहझील (मथुरा)। एसडीएम और खनन निरीक्षक को वाहनों से कुचलने वाले खनन माफिया और उनके वाहनों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
थाना क्षेत्र में गांव छिनपारई के समीप 29 मार्च की रात गिट्टी से भरे ट्रक चालकों ने चेकिंग के दौरान रोकने पर एसडीएम, खनन निरीक्षक सहित पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया गया। हादसे में सभी बाल-बाल बच गए थे। मामले में खनन निरीक्षक द्वारा 5 ट्रक, 3 कार चालकों व 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना नौहझील में केस दर्ज कराया था।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने पुलिस की दो टीमें गठित कीं। दोनों टीमों ने बुधवार को थाना क्षेत्र की चौकी कोलाहर से लेकर नौहझील कस्बा तक लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा। इनमें रात का समय होने व ट्रकों में लाइट जलने के कारण नंबर दिखाई नहीं दे रहे हैं। कोलाहर चौकी पर लगे कैमरे की फुटेज में पुलिस द्वारा रोकने के लिए लगाए बैरियर को तोड़ कर ट्रक निकलते दिखाई दे रहे हैं, मगर नंबर नहीं दिख रहे। पुलिस टीमों ने सुबह 11 से शाम 7 बजे तक लगभग 3 दर्जन कैमरों की फुटेजों को खंगाला मगर कोई सफलता नहीं मिली। सीओ गुंजन सिंह ने बताया कि टीमें सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान में जुटी हैं।