फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: पुलिस ने नाना के सुपुर्द की नाबालिग, आज होंगे बयान

विज्ञापन
विज्ञापन
नौहझील। 14 वर्षीय नाबालिग को डेढ़ लाख रुपये में बेचकर दोगुनी उम्र के युवक से जबरन शादी कराने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शनिवार देर शाम उसे अलीगढ़ के गांव सत्तूखेड़ा से सकुशल अपने संरक्षण में ले लिया। फिलहाल रविवार को पुलिस ने किशोरी को उसके नाना के सुपुर्द कर दिया है। सोमवार को किशोरी का मेडिकल परीक्षण और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए जाएंगे।
विज्ञापन

किशोरी के नाना की तहरीर पर उसकी मां और बहनोई के खिलाफ बाल विवाह कराने का केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही बहनोई गायब है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। किशोरी के नाना ने बताया कि उनकी धेवती उनके पास रहकर 7वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी मां लगभग 12 वर्ष पहले पति को छोड़कर चली आई थी। किशोरी के नाना ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी यानि किशोरी की मां उनके पास आई और बीमारी का बहाना बनाकर 14 वर्षीय बेटी को अपने साथ ले गई। वह नौहझील क्षेत्र के एक ईंट-भट्टे पर मजदूरी कर रही थी, जहां उनका एक रिश्तेदार भी काम करता है।
यहीं दोनों ने मिलकर एक माह पूर्व किशोरी की शादी अलीगढ़ जनपद के गांव सत्तूखेड़ा निवासी अमित (25) से करा दी। आरोप है कि किशोरी का 1.50 लाख रुपये में सौदा किया गया था। एक दिसंबर को परेशान किशोरी ने अपने नाना को फोन कर रोते हुए बताया कि उसे बंधक बनाया हुआ है। उसे यहां नहीं रहना है, उसे ले जाओ, नहीं तो वह मर जाएगी।
विज्ञापन

उसने सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई। उसके नाना जब सत्तूखेड़ा पहुंचे तो उन लोगों ने किशोरी को भेजने से इंकार कर दिया। इसके बाद शिकायत पर नौहझील पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और शनिवार देर शाम गांव सत्तूखेड़ा पहुंचकर किशोरी को आरोपियों के चंगुल से मुक्त करा लिया। सीओ आशीष शर्मा ने बताया कि नाना की तहरीर पर किशोरी की मां और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
-
मां की दो दिन पहले हुई डिलीवरी, पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता
जांच के दौरान पुलिस जब ईंट भट्टे पर पहुंची तो किशोरी की मां मिली, जिसकी दो दिन पहले डिलीवरी हुई थी। उसकी हालत देख पुलिस ने मानवीय व्यवहार करते हुए उससे कोई सख्त पूछताछ नहीं की। फिलहाल पुलिस उस पर नजर बनाए हुए है और कुछ दिन बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें