मथुरा। छाता में वर्षों से बंद पड़ी अशर एग्रो कंपनी (धान मिल) में चौकीदार की हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर रही है कि हत्या का उद्देश्य चोरी या लेनदेन था अथवा कुछ और। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उसे कुछ ऐसे पुख्ता सुराग मिले हैं, जिनसे वह हत्यारोपियों के काफी नजदीक पहुंच गई है।
गांव नरी निवासी बद्री की बृहस्पतिवार रात फैक्ट्री में निर्मम हत्या कर दी गई थी। पूछताछ में परिजन ने पुलिस को बताया कि बद्री के पिता की भी हत्या हुई थी। परिजन ने पैसों के लेनदेन को लेकर भी हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस को शक है कि फैक्ट्री में चोरी के लिए आए बदमाशों ने विरोध करने पर चौकीदार की हत्या की हो सकती है।
हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस द्वारा सर्विलांस का सहारा लिया जा रहा है। बद्री के मोबाइल फोन सहित कुछ अन्य लोगों के नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। सीओ छाता आशीष शर्मा ने बताया कि दूसरे चौकीदार कमल सिंह से भी पूछताछ की जा रही है। हत्यारोपी किसी भी समय पुलिस की गिरफ्त में आ सकते हैं। इधर कोतवाली पहुंचे बद्री के परिजन ने मामले के खुलासे की मांग रखी।