सौंख(मथुरा)। गांव मगोर्रा में भाजपा के बूथ अध्यक्ष राम चतुर्वेदी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार देर शाम मगोर्रा निवासी राम चतुर्वेदी (38 वर्ष) पुत्र जगदीश प्रसाद अपने घर से कुछ काम की कहकर गांव में ही गया था। घर पर परिजन देर रात तक उसका इंतजार करते रहे। जब काफी रात हो गई तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की।
बृहस्पतिवार सुबह 8 बजे जनता इंटर कॉलेज के निकट से गुजर रहे राहगीरों को खड़े टैक्टर-ट्रॉली में भाजपा नेता का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना परिजनों को दी। इससे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भाजपा के बूथ अध्यक्ष चतुर्वेदी के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बारे में थाना प्रभारी रोहन सिंह ने बताया कि भाजपा के बूथ अध्यक्ष की संदिग्ध हालत में मौत हुई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।