गांव पसौली में पुलिस द्वारा की गई तोड़-फोड़ में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : MATHURA
चौमुंहा (मथुरा)। केडी चौकी पर तैनात दो सिपाहियों ने गांव पसौली में एक मकान में घुस कर उत्पात मचाया। मकान में रखे सामान को तोड़ दिया। विरोध करने पर महिला की पिटाई की और गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की। आरोप है कि सिपाही उसके घर में रखे 15 हजार रुपये की नकदी को भी ले गए।
गांव पसौली निवासी दीनदयाल सिंह ने बताया कि नाली निकालने को लेकर उसका अपने बड़े भाई पप्पू से विवाद हो गया था। इसकी सूचना उसने 112 पुलिस को दी। जब पुलिस नहीं पहुंची तो वह केडी चौकी पर शिकायत करने गया। पीछे से पप्पू के कहने पर केडी चौकी के दो सिपाही उसके घर पहुंचे और घर में घुस कर तोड़फोड़ करने लगे।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने राशन का सामान मिट्टी में मिला दिया। उसका पूरा परिवार भूखा रहा। वहां रह रही पप्पू की साली ने विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उसे डंडों से पीटा। पुलिस द्वारा तोड़े गए बिजली के तार से उसकी पांच वर्ष की बेटी को करंट लग गया। घर मे रखे 15 हजार रुपए भी गायब हो गए। दीनदयाल ने एसएसपी से पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
केडी चौकी प्रभारी संदीप सिंह का कहना था कि गांव पसौली में शुक्रवार को दो भाइयों में विवाद हो गया था। इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस जांच करने गई थी। पुलिस ने कोई तोड़फोड़ नहीं की है।