मथुरा के शहर कोतवाली क्षेत्र के गोपाल आश्रम में 11 फरवरी की रात को चोरी करने वाले दो चोरों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरों के कब्जे से आश्रम से चोरी किया सामान और 2070 रुपये की नकदी बरामद की है।
सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि 11 फरवरी की रात को गोपाल आश्रम में चोरी की वारदात हुई थी। कोतवाली के चौबच्चा मोहल्ला की गोपाल गली स्थित गोपाल मंदिर के मकरंद चतुर्वेदी की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। बुधवार को कोतवाली प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर को सूचना मिली कि दो युवक पांचजन्य रंगमंच के गेट पर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया।