मथुरा। सदर थाना क्षेत्र स्थित सेना की कैंटीन का बाबू 2.32 करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर लापता हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बाबू की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस की जांच में पता चला कि दंपती ने मिलकर सरकारी पैसों को हड़पने की योजना बनाई थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार ने बताया कि रोहतक के लाल बहादुर शास्त्री नगर के वार्ड नंबर 2 निवासी नायक दीपक कुमार कैंट स्थित सेना की कैंटीन में बाबू के पद पर तैनात है। कैप्टन पंकज यादव ने उसके खिलाफ सात चेक के माध्यम से कैंटीन के 2.32 करोड़ से ज्यादा रुपये अपनी पत्नी मोनिका के खाते में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। जांच में बाबू पर आरोप सही पाए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी की पत्नी को मैनापुरम कॉलोनी के मुख्य मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने पति के साथ मिलकर नकदी गायब करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने महिला के खातों को सीज कर दिया है, ताकि उससे किसी प्रकार का लेनदेन न हो सके। उन्होंने बताया कि चूंकि मामला सेना से जुड़ा है तो वह अपनी ओर से भी मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटे हैं।
जल्दी अमीर बनने के चक्कर में की करोड़ों की हेराफेरी
पुलिस पूछताछ में सैनिक की पत्नी ने बताया कि जल्दी अमीर बनने के चक्कर ने उन्होंने मिलकर योजना बनाई थी, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि इतनी जल्दी पकड़े जाएंगे। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद वह पूरे दिन चुपचाप बैठी रही। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, यहां से उसे जेल भेज दिया।