मथुरा के थाना जैत पुलिस ने हाईवे किनारे घेराबंदी कर अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के जेवर, करीब 65 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक उमेश चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में टीम अपराधियों की तलाश में छटीकरा चौराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टप्पेबाजी करने वाले कुछ शातिर अपराधी अल्हेपुर कट के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए शातिरों की पहचान संदीप उर्फ संजय उर्फ टिंकू (35 वर्ष) पुत्र मुकेश, निवासी जोगीपुरा, हापुड़, सोनी उर्फ मोनू (27 वर्ष) पुत्र सतपाल, निवासी लडपुरा, मेरठ, कार्तिक (26 वर्ष) पुत्र सतपाल, निवासी लडपुरा, मेरठ के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से कुल 65 हजार रुपये और आभूषण बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गिरोह बनाकर इको गाड़ी में सवारियां बैठाते थे। रास्ते में बातचीत के दौरान वे झांसा देकर या बैग काटकर जेवर और नकदी उड़ा लेते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि बरामद सामान छटीकरा, छाता और राया थाना क्षेत्रों में पिछले 4 महीनों के दौरान की गई विभिन्न टप्पेबाजी की घटनाओं का है।