कोसीकलां (मथुरा)। गोपाल नगर में अधिवक्ता ओमप्रकाश शर्मा के घर हुई वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस गली-गली की खाक छान रही है। मकान, दुकान और चौराहों के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस कुछ अहम जानकारियां हाथ लगने की बात कह रही है।
गोपाल नगर में अधिवक्ता ओमप्रकाश शर्मा के मकान में मंगलवार रात करीब साढ़े 8 बजे बाइक सवार मिठाई देने के बहाने घर में घुस गए और तमंचा दिखाकर उनके साढू के पुत्र आदित्य को जान से मार देने की धमकी देने और दूसरे लुटेरे द्वारा पत्नी ममता शर्मा को चाकू दिखाकर सोने की चार चूड़ी और अंगूठी लूट ले गए थे। बदमाश मिठाई के डिब्बे में तमंचा रखकर लाए थे।
पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
घटना के बाद नकाबपोश बदमाशों की पहचान और खोजबीन के लिए पुलिस टीमें जुटी हैं। सर्विलांस टीम भी उस क्षेत्र की फोन कॉल्स की जांचों में जुटी है। दो टीमें सीसीटीवी खंगालकर बदमाशों के आने एवं जाने की स्थिति की जांच कर रही हैं। हालांकि पुलिस इस काम में जोर शोर से जुटी है लेकिन अभी तक कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने अभी तक बदमाशों के आने एवं जाने की दिशा को पता लगाकर संदिग्धों की पहचान कर ली है। जल्द उन्हें हिरासत में भी लिया जा सकता है। बुधवार की शाम एसपी देहात त्रिगुण विशेन ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच में जुटी टीमों को निर्देश दिए।