वृंदावन। हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों पर्वों पर धर्मनगरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पुलिस ने स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर सुझाव लिए।
सोमवार को वृंदावन कोतवाली में आयोजित पीस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सदर वरुण मिश्रा ने की। बैठक में व्यापारियों, मंदिर सेवायतों, होटल व गेस्ट हाउस संचालकों, नाविकों, ई-रिक्शा समिति के पदाधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक में अधिकारियों ने पर्व के दौरान संभावित भीड़, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। स्थानीय लोगों से भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव लिए गए।
सीओ सदर वरुण मिश्रा ने कहा कि हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस के दौरान वृंदावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचेंगे। पुलिस-प्रशासन सभी संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटा है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएंगी। बैठक में व्यापारी नेता आलोक बंसल, बॉबी अग्रवाल, शिवा गौतम, अंकित वार्ष्णेय, पार्षद घनश्याम चौधरी, गुलाब निषाद, विजय सिंह राघव, और बांकेबिहारी मंदिर सेवायत आकाश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।