मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुद्दा धीरे-धीरे राजनीतिक रंग पकड़ रहा है। भाजपा तथा अन्य सहयोगी श्रीकृष्ण जन्मस्थान के निकट बनी ईदगाह पर भव्य मंदिर निर्माण की बात कर रहे हैं, तो कांग्रेस ने इसका विरोध कर डाला। अभी अन्य राजनीतिक दल इस मुद्दे चुप्पी साधे हुए हैं।
विधानसभा चुनावों का बिगुल बजने वाला है, तो दूसरी ओर श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुद्दा गरम हो रहा है। लगभग दो वर्ष से न्यायालय में करीब दस से अधिक वाद दाखिल किए गए। इनमें कहा गया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान के निकट बनी ईदगाह को वहां से हटाया जाए और वहां पर भव्य मंदिर का निर्माण हो। हालांकि न्यायालय में अभी इस मामले मेें सुनवाई चल रही है।
परंतु वाद दाखिल करने वाली अखिल भारत हिंदू महासभा, नारायणी सेना, श्रीकृष्ण जन्मस्थान न्यास के की ओर से न्यायालय के बाहर भी इसके लिए आगाज कर दिया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण सबने इस स्थान पर मंदिर निर्माण के समर्थन में बयान दिए।
उधर, सोमवार को कांग्रेस विधानमंडल दल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर ने मंदिर निर्माण को अन्यत्र करवाने की बात कह कर आग में घी डाल दिया है। उनके इस बयान के बाद जनपद में राजनीतिक मुद्दे पर ध्रुवीकरण होने लगा है।