फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएम के कार्यक्रम में आ सकते हैं सीएम और गवर्नर

Wed, 20 May 2015 12:12 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला मथुरा
विज्ञापन
विज्ञापन
गृह विभाग लखनऊ से प्रधानमंत्री के आगमन की अधिकृत सूचना जिला प्रशासन को मिल गई है। 25 मई को पीएम नरेंद्र मोदी नगला चंद्रभान आ रहे हैं। इस दौरान गवर्नर राम नाईक और सीएम अखिलेश यादव के भी आने की संभावनाओं को देखते हुए आयोजन स्थल पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कमिश्नर प्रदीप भटनागर और डीएम राजेश कुमार सहित अधिकारी मंगलवार को जायजा लेने के लिए दीनदयाल धाम पहुंचे।
विज्ञापन


कमिश्नर प्रदीप भटनागर ने शाम करीब चार बजे डीएम राजेश कुमार, एसएसपी डा. राकेश सिंह, एडीएम कानून व्यवस्था सुरेंद्र शर्मा, एसपी सिटी, एसडीएम सदर राजेश कुमार आदि अफसरों के साथ आयोजन स्थल का दौरा किया। यहां सभा स्थल पर चल रहे कार्य को देखा। तदोपरांत पीडब्लूडी द्वारा बनाए जा रहे हेलीपैड भी देखे। जिला प्रशासन फिलहाल पांच हेलीपैड का निर्माण करा रहा है। इसमें से तीन पीएम के लिए अधिकृत किए गए हैं, जबकि दो हेलीपैड के लिए स्थान आरक्षित किए गए हैं। यह स्थान पीएम की अगवानी में गवर्नर राम नाईक और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगमन की संभावनाओं के दृष्टिगत आरक्षित किए गए हैं। इनका निर्माण गवर्नर और सीएम के आगमन की अधिकृत सूचना मिलने पर शुरू होगा। प्रशासनिक अफसरों ने ट्रैफिक, पार्किंग स्थलों का भी दौरा किया।

स्मारक स्थल का जायजा लिया
पीएम की जनसभा के साथ स्मारक स्थल में भी उनका कुछ वक्त निर्धारित होने के कारण कमिश्नर ने स्मारक स्थल का निरीक्षण किया। यहां स्थापित प्रतिमा का जायजा लिया, जिस पर पीएम को माल्यार्पण करना है। इसके बाद उस कक्ष में भी गए जहां बैठकर पीएम जलपान करेंगे। साथ ही यहां स्थापित प्रोजेक्टों को देखा, जिनके भ्रमण का कार्यक्रम है। यहां कौन-कौन मौजूद रहेंगे, इस पर स्मारक समिति के पदाधिकारियों से चर्चा की गई।
विज्ञापन

-----
अंधड़ को देख गाड़ी में बैठ गए अफसर
कमिश्नर के निरीक्षण के दौरान तेज हवाओं ने अफसरों को गाड़ी में बंद कर दिया। करीब 20 मिनट तक सभी अफसर अपनी गाड़ियों में ही बैठे रहे। कमिश्नर डीएम के साथ एक ही गाड़ी में बैठकर आयोजन संबंधी तैयारियों पर चर्चा करते रहे।
----


अंधड़ से तहस-तहस हुईं व्यवस्थाएं
दीनदयालधाम। शाम के वक्त आए तेज अंधड़ ने नगला चंद्रभान में पीएम की रैली की व्यवस्थाओं को झटके में तहस नहस कर दिया। जनसभा स्थल पर टेंट के लिए दो दिन में लगाए गए लोहे के पिलर अंधड़ से जमीन पर आ गए। मंगलवार को तो यह काम काफी हद तक हो गया था। आयोजकों का कहना है कि अब संबंधित एजेंसी को इस कार्य के लिए फिर से जुटना होगा।

जन कल्याण रैली की सफलता को भूमि पूजन
दीनदयाल धाम (फरह)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन कल्याण रैली की सफलता के लिए मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने भूमि पूजन किया। दोपहर में सभा मंच के पास भूमि पूजन कार्यक्रम हुआ। यजमान की भूमिका भाजपा के प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने निभाई। मथुरा से आए पंडित गोविंद गोस्वामी और पंडित हर्षवर्धन आचार्य ने पूजन कराया। पूजन में नगर पालिका अध्यक्ष मनीषा गुप्ता, बांकेबिहारी माहेश्वरी, चेयरमैन वृंदावन मुकेश गौतम, रविकांत गर्ग, देवेन्द्र शर्मा, डॉ. डीपी गोयल, डॉ. रोशनलाल, अशोक कुमार टेंटीवाल, ओमप्रकाश सिंह, एसके शर्मा, पूर्व विधायक अजय पोइया, कारिंदा सिंह, श्यामसिंह अहेरिया आदि ने भी सहभागिता निभाई। महीपाल सिंह, चिंताहरण चतुर्वेदी, प्रदीप गोस्वामी, विनोद अग्रवाल, राजू यादव आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं।

प्रदेश में अराजक सरकार: स्वतंत्रदेव सिंह
दीनदयाल धाम (फरह)। भाजपा के प्रदेश महामंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने जनकल्याण रैली के स्थल पर हुए भूमि पूजन के बाद प्रदेश की सपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उप्र सरकार को अराजक बताते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार में केवल भ्रष्टाचार बढ़ाने और करने के लिए तरीके बनाए जा रहे हैं। सरकार का मुखिया विदेशी बग्घी में जन्मदिन मनाता है, तो जनता भय और अपराध से ग्रस्त है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश का मान बढ़ाकर आमजन को राहत देने में लगे हैं। भूमि पूजन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनकल्याण रैली की सफलता के लिए किया गया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें