वृंदावन। होटल में कमरा लेने से मना करने पर दो श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गई। हमले में एक श्रद्धालु के सिर में चोट आई है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद और आधा दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले के बघोरा गांव निवासी शिवम पुत्र लेखराम और सचिन वैस पुत्र अरविंद सिंह वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। आरोप है कि वह प्रेम मंदिर के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवक मिले जिन्होंने उनसे होटल या गेस्ट हाउस में कमरा लेने के लिए कहा। आरोप है कि जब श्रद्धालुओं ने कमरा लेने से मना कर दिया तो युवक नाराज हो गए और उनके साथ कहासुनी करने लगे।
पीड़ितों का कहना है कि युवक शराब के नशे में थे और कुछ ही देर में उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। करीब एक दर्जन युवकों ने दोनों श्रद्धालुओं को घेरकर पीटा। पुलिस ने मारपीट करने वालों में गांव तरौली निवासी लव, मोहित, सचिन, अतुल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।