मथुरा। पुलिस भर्ती परीक्षा के मेडिकल में पास कराने के नाम पर अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने चिकित्सक और फार्मासिस्ट समेत चार को जेल भेजा था। इसके बाद सोमवार को सीएमओ डॉ. अजय कुमार वर्मा ने जेल गए फार्मासिस्ट मथुरेश कुमार को निलंबित कर दिया है।
पुलिस ने 6 मई को हाईवे स्थित प्रभाकर हॉस्पिटल से जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) डॉ. हरिनारायण प्रभाकर के साथ उनकी पत्नी डॉ. शिवानी प्रभाकर, स्वास्थ्य विभाग के फार्मासिस्ट मथुरेश कुमार और चिकित्सक के चालक जयपाल को गिरफ्तार किया था। उन पर पुलिस भर्ती परीक्षा के मेडिकल में पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से अवैध वसूली किए जाने का आरोप था। डॉ. हरिनारायण प्रभाकर अभ्यर्थियों के मेडिकल परीक्षा के लिए गठित की गई टीम के सदस्य भी थे। वहीं निजी हॉस्पिटल उनकी पत्नी के नाम पंजीकृत था। पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। साथ ही अभ्यर्थियों से वसूले गए 1.30 लाख रुपये, छह मोबाइल और अभ्यर्थियों के जेल हुए एडमिट कार्ड बरामद किए थे।
मामले में अब स्वास्थ्य विभाग ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को सीएमओ डॉ. अजय कुमार वर्मा ने फार्मासिस्ट मथुरेश कुमार को निलंबित कर दिया। मथुरेश की तैनाती पोस्टमार्टम हाउस पर थी। वहीं उसके खिलाफ विभागीय जांच भी कराने के आदेश दिए हैं।
-
चिकित्सक पर कार्रवाई के लिए महानिदेशक को लिखा पत्र
सीएमओ ने वसूली के आरोप में गिरफ्तार ईएमओ के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए पत्राचार किया है। उन्होंने महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई करने की संस्तुति की है। आरोपी ईएमओ की तैनाती जिला अस्पताल की इमरजेंसी में थी, इसीलिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज अग्रवाल ने भी शासन को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है।
-
वर्जन
पुलिस भर्ती मेडिकल में वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार फार्मासिस्ट को निलंबित किया गया है। आरोपी ईएमओ के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है।
-डाॅ. अजय कुमार वर्मा, सीएमओ