मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर दिनेश फलाहारी महाराज द्वारा लगाए गए आरोपों निराधार बताया और कथित एक हजार करोड़ की संपत्ति की जांच कराने के लिए भी कहा है। ताकि हकीकत सामने आ सके।
सचिव ने पत्र में कहा कि दिनेश कौशिक उर्फ दिनेश फलाहारी द्वारा संस्थान और उसके पदाधिकारियों पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से मनगढ़ंत, मिथ्या और आधारहीन हैं, जिससे देश-विदेश के करोड़ों कृष्ण भक्तों की भावनाएं आहत हो रही हैं। वह पिछले 27 वर्षों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जन्मभूमि की सेवा कर रहे हैं और संस्थान से एक रुपये का भी मानदेय या यात्रा भत्ता नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनेश फलाहारी पर ठगी, चोरी व आपराधिक साजिश के कई मुकदमे दर्ज हैं। जिनकी चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। पहले समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी रह चुके हैं और आगामी चुनाव में किसी राजनीतिक दल से टिकट पाने तथा स्वयं के लिए सरकारी गनर हासिल करने की मंशा से संस्थान के पदाधिकारी व कर्मचारियों पर आरोप लगा रहे हैं।
सचिव ने कहा कि बिना किसी साक्ष्य के दानपात्र खोलने के समय सीसीटीवी बंद करने और आभूषणों की रसीद न देने जैसे अनर्गल आरोप लगाकर सनातन आस्था के केंद्र को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने सभी आरोपों की गहन जांच कराकर रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है। वहीं, दिनेश फलाहारी महाराज का कहना कि वह भाजपा के कट्टर कार्यकर्ता हैं और सीएम योगी को अपना आदर्श मानते हैं। जहां सनातन धर्म का अपमान होगा वहां आगे खड़े होंगे।