मथुरा। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। यह परीक्षा 6 और 7 सितंबर को होगी। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। इसमें 67,968 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिला मुख्यालय पर परीक्षा को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जिले में 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर बिजली, पानी, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था व सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। शासन के निर्देश पर राजकीय कॉलेजों के अलावा एडेड और सीबीएसई व आईसीएसई के स्कूलों को केंद्र बनाया गया है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने परीक्षा के दौरान नकल विहीन वातावरण बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सीसीटीवी कैमरे से परीक्षार्थियों की निगरानी होगी। साथ ही पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। केंद्रों के बाहर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार ने बताया कि परीक्षा दो दिन होगी। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली में शाम 3 से पांच बजे तक परीक्षा होगी।