मथुरा। सर्द मौसम आमजन को ही नहीं पालतू पशुओं को भी बीमार कर रहा है। पालतू पशु निमोनिया और हाई फीवर की चपेट में आ रहे हैं। रोजाना ही दो हजार से ज्यादा पशु इलाज के लिए पशु चिकित्सालय पहुंच रहे हैं।
ठंड के मौसम में बेजुबान परेशान हैं। डिप्टी सीवीओ डॉ. प्रतिभा सचान ने बताया कि सर्दी के मौसम में पालतू पशुओं में निमोनिया और तेज बुखार की बीमारी हो रही है। काफी संख्या में पशुओं को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। कुत्ते, बिल्ली और बकरी को निमोनिया हो रहा है। ठंड से बछड़े भी बीमार पड़ रहे हैं। पशुओं को जुकाम, खांसी के साथ कंपकंपी छूट रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 28 पशु चिकित्सालय हैं। हर पशु चिकित्सालय में करीब 20 से 25 बीमार पशु बीमार पहुंच रहे हैं। इसके अलावा घर जाकर भी पशुओं का इलाज किया जा रहा है। पशु चिकित्सकों द्वारा प्रतिदिन करीब दो हजार पालतू पशुओं का इलाज किया जा रहा है।
एनिमल हेल्पलाइन नंबर 1962 पर करें फोन
अगर पालतू पशु बीमार है तो टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल करने से घर बैठे इलाज की सुविधा मिल जाएगी। मोबाइल वेटनरी यूनिट घर पहुंचेगी। पशु का इलाज करेगी। पशु चिकित्सा के लिए जिले में 8 मोबाइल वेटनरी यूनिट का संचालन किया जा रहा है।
ठंड में पशुओं को बीमारी से बचाने के लिए ये करें उपाय
- पशुओं को रखा हुआ पानी न दें, केवल ताजा पानी पिलाएं।
- पालतू पशुओं को समय से भरपेट भोजन खिलाएं।
- उनके बैठने के स्थान पर दरी बिछाएं, गीले स्थान पर न बैठाएं।
- धूप निकलने पर पशु को धूप में जरूर ले जाएं।
सर्दी से बंदर मचा रहे उत्पात
फरह। सर्दी से पशु पक्षी परेशान हैं। पिछले कुछ दिनों से बंदरों ने कस्बे में उत्पात मचा रखा है। आपस में लड़ने और तारों पर झूलने के कारण यह टूट रहे हैं। कई लोगों को घायल भी कर चुके हैं। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से इन्हें पकड़वाने की माग की है। संवाद