मथुरा। जैंत थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात टेंपो में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में भरतपुर के छात्र की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजन को सूचना दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार ने बताया कि भरतपुर के थाना क्षेत्र रूदावल निवासी साहिल (19) बीएससी के छात्र थे। शुक्रवार को वह भरतपुर से परीक्षा देने के लिए सर्वोदय कॉलेज में आए थे। पेपर देने के बाद रात को वह भरतपुर स्टेशन जाने के लिए टेंपो में सवार हुए। टेंपो जैंत-चौमुहां मार्ग पर पहुंचा था कि ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस घायल को लेकर अस्पताल जाती इससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने साहिल के बैग से मिले कागजातों के आधार पर शिनाख्त कर परिजन को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि टेंपो में सवार अन्य दो यात्रियों को मामूली चोट आई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी।