कोसीकलां (मथुरा)। वर्षों से जर्जर सड़क पर ठोकरें खा रहे 30 फुटा रोड के लोगों को जल्द ही सीसी सड़क की सौगात मिलेगी। वहीं जलभराव से निजात के लिए नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने 45 लाख रुपये की मंजूरी दी है। जल्द ही काम शुरू होगा।
नंदगांव रोड पर 30 फुटा रोड के लोग वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे थे। कई बार शासन प्रशासन से मांग करने के बाद भी सड़क का निर्माण नही हो सका। जिससे वह वर्षों से ठोकरें खा रहे थे। मामूली सी बारिश होने के बाद जलभराव होना आम बात हो गई। इसके लिए कॉलोनी के लोगों ने सड़क निर्माण कराए जाने की मांग नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल से की तो चेयरमैन ने सड़क निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत भेज दिया, जिसे शासन ने मंजूरी दे दी।
योजना के तहत सड़क को एक फीट ऊंचा उठाकर निर्माण कराया जाएगा। वहीं करीब 350 मीटर लंबी और 8 मीटर चौड़ी सीसी सड़क के अलावा इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएगी। जलभराव न हो इसके लिए दोनों ओर सीसी नालियां का निर्माण कराया जाएगा।
वर्जन
सीसी सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इससे कॉलोनी के लाेगों को आवागमन सुलभ होगा और जलभराव से निजात मिलेगी।
- धर्मवीर अग्रवाल, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद, कोसीकलां