मथुरा। ठंडी हवाओं ने लोगों को बीमार करना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वालों में बाइक सवारों की संख्या सबसे ज्यादा देखी जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि तेज हवा के सीधे संपर्क में आने से सर्दी-जुकाम, बुखार, कफ, गले में दर्द और आंखों में इन्फेक्शन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि सुबह और शाम के समय चलने वाली तेज ठंडी हवा से प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने लगती है। बाइक सवार बिना मास्क, बिना मफलर या हेलमेट के चलते हवा के सीधे संपर्क में आ जाते हैं। इससे बीमार पड़ने का खतरा बढ़ जाता है। ओपीडी में चिकित्सक उन्हें केवल उपचार नहीं दे रहे बल्कि लोगों को हवा के सीधे संपर्क में आने से बचने की सलाह भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट का उपयोग, चेहरे को ढकने, गर्म कपड़े पहनने तथा मास्क लगाने से बीमारियों से काफी हद तक बचाव हो सकता है। फिजिशियन डॉ. रवि माहेश्वरी ने बताया कि पिछले दो दिन से धूप निकलने के कारण मौसम थोड़ा ठीक हो गया है, लेकिन इससे पहले ठंडी हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया था। इसी ठंड की चपेट में आने से लोग बीमार हुए हैं जो कि अब जिला अस्पताल उपचार के लिए आ रहे हैं।