छाता। आधे कस्बे में अघोषित बिजली कटौती से नाराज उपभोक्ताओं का सब्र शुक्रवार रात जवाब दे गया। बिजली की लचर व्यवस्थाओं के विरोध में आबकारी मोहल्ला समेत कस्बे के तमाम लोगों ने बिजली घर पर प्रदर्शन किया और परिसर का घेराव कर दिया। सूचना के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सुबह 5 बजे से बिजली नहीं आ रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। शुक्रवार रात जब उपभोक्ता अपनी फरियाद लेकर बिजली घर पहुंचे, तो वहां विभाग का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। अधिकारियों की अनुपस्थिति से भड़की भीड़ ने चेयरमैन प्रतिनिधि फाल्गुन उर्फ कान्हा के नेतृत्व में घेराव शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि जब तक विद्युत निगम का कोई उच्चाधिकारी मौके पर आकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं करता, तब तक वे बिजली घर से नहीं हटेंगे।
उनका आरोप है कि उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी सुनवाई नहीं हुई, तो वे रातभर बिजली घर परिसर में ही धरना देकर प्रदर्शन जारी रखेंगे। प्रदर्शन और घेराव की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी बिजलीघर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक लोग बिजली घर पर ही जमे रहे। महिलाएं और पुरुष बिजली घर परिसर में गद्दे डालकर धरने पर बैठे हैं।