गोवर्धन। ग्राम पंचायत अडींग में बिहारीजी मंदिर और शिव मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते की कागजों में सफाई हो गई, लेकिन हकीकत में यहां गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। हालात यह हैं कि मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं और स्कूली बच्चों को भी इसी गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। मामले में सीएम पोर्टल पर शिकायत की गई थी। प्रशासन ने कागजों में सफाई दिखाकर इसका निस्तारण दिखा दिया। इससे ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने समस्या न सुलझने पर अनशन की चेतावनी दी है।
स्थानीय निवासी पंकज पंडित ने रास्ते की सफाई और गंदगी की समस्या को लेकर सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत का 27-28 अगस्त को लिखित रूप से निस्तारण कर दिया गया, लेकिन मौके पर आज भी हालात जस के तस हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कागजों में सफाई करा दिए जाने की रिपोर्ट लगा दी गई, जबकि धरातल पर गंदगी का अंबार शिकायत के निस्तारण की हकीकत बयां कर रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मंदिर और स्कूल जाने वाले मार्ग से गंदगी नहीं हटाई गई और नियमित सफाई की व्यवस्था नहीं की गई तो वे अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे। इस मौके पर पंकज पंडित, दीपक तिवारी, चिंटू सोनी, संजय, राजू, भगवत पंडित, आयुष और लाला पंडित आदि उपस्थित थे।
गंदगी में कूड़ा खाते गोवंश, संक्रमण का भी खतरा
रास्ते के आसपास फैले कूड़े में प्लास्टिक और अन्य कचरा भी पड़ा हुआ है। इसी कूड़े के ढेर में गोवंश भोजन की तलाश में पहुंचते हैं और कूड़ा-करकट खाते नजर आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे गोवंश के बीमार होने का खतरा बना रहता है। वहीं, लंबे समय से जमा गंदगी और दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों में बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
-
पहले भी कई बार की शिकायत, नहीं सुधरे हालात
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से स्थायी समाधान नहीं कराया गया। हर बार सफाई कराने का आश्वासन मिलता है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।
मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा कोई मामला है तो सफाई कर्मचारी भेजकर रास्ते की सफाई करा दी जाएगी।
राज बहादुर यादव, एडीओ पंचायत