- शहर कोतवाली क्षेत्र का मामला, चार नामजद व पांच अज्ञात लोगोें पर केस
- पुलिस ने दो को हिरासत में लिया, एक गोली पड़ोसी के मकान में कमरे के शीशे पर लगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। शहर कोतवाली इलाके के भूतेश्वर अखाड़े में शनिवार सुबह कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में सनसनी फैल गई। एक गोली पास ही स्थित कार मैकेनिक के घर के कमरे के शीश पर जा लगी। पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में ले लिया। बिना नंबर की कार को जब्त किया है। पुलिस पूछताछ में अभी तक खुशी में फायरिंग का मामला सामने आया है। कार मैकेनिक की तहरीर पर चार नामजद व पांच अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना सुबह 8.30 बजे की है। बाग काजियान में भतेश्वर अखाड़ा संचालित है। अय्यूब पहलवान यहां युवाओं को पहलवानी का प्रशिक्षण देते हैं। सुबह बिना नंबर की कार से कुछ युवा पहलवान के पास पहुंचे और एक के बाद एक फायर कर दिए। गोलियां की आवाज सुनकर दहशत में आए लोग घरों में छिप गए। कार मैकेनिक आरिफ पुत्र फरीद,जो कि इसी मोहल्ले में रहते हैं, एक गोली उनके घर की पहली मंजिल पर बने कमरे के शीशे में जा लगी। आरिफ उस वक्त कमरे में ही था। वह सहम गया और दौड़कर नीचे पहुंचा। उसने फायरिंग करने वालों की वीडियो बना ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर रवि त्यागी व उनकी टीम पहुंची तो फायरिंग करने वाले भाग खडे़ हुए। इधर, एसपी सिटी डाॅ. अरविंद कुमार भी पहुंच गए। मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस को देर शाम तक मिली जानकारी के अनुसार एक पहलवान को उसकी दूसरी पत्नी से बेटा हुआ था। उसकी खुशी में फायरिंग की गई थी।
इनके नाम दर्ज कराया मुकदमा
पुलिस ने अमित निवासी आशागढ़ी, मांट, अमित निवासी कौंकेरा, छाता, बॉबी निवासी भुडारसु, मगोर्रा और कालू निवासी नगला थारी, मगोर्रा के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है। इनके अलावा पांच अज्ञात का भी तहरीर में जिक्र किया गया है। एसपी सिटी डाॅ. अरविंद कुमार ने बताया कि वीडियो में फायरिंग करते दिख रहे आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।