मथुरा। जिले में इस साल धान खरीद के लिए गत वर्ष की तुलना में काफी कम लक्ष्य मिला है। इस साल केवल तीन हजार मीट्रिक टन धान की खरीद की जाएगी। जबकि गत वर्ष ये लक्ष्य 8 हजार मीट्रिक टन का था।
जनपद में एक अक्तूबर से धान और बाजरे की खरीद शुरू हो जाएगी। धान और बाजरे की खरीद के लिए केंद्रों का निर्धारण कर दिया गया है। खरीद संबंधी सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं लेकिन धान की फसल उगाने वाले किसानों को इस बार बड़ा झटका भी लगने वाला है, क्योंकि इस बार जनपद को धान खरीद के लिए गत वर्ष की तुलना में 5 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य कम मिला है।
डिप्टी आरएमओ संतोष यादव ने बताया कि जनपद में धान खरीद के लिए कुल 18 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 10 केंद्र विपणन शाखा, 4 केंद्र प्रदेश कोऑपरेटिव फेडरेशन और 4 केंद्र प्रदेश कोऑपरेटिव यूनिट के हैं। सामान्य धान की खरीद 2300 प्रति क्विंटल, जबकि ग्रेड ए धान की खरीद 2320 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। इस वर्ष धान की खरीद के लिए 3 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला है।
उन्होंने बताया कि बाजरे की खरीद के लिए कुल 12 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। ये सभी केंद्र विपणन शाखा के होंगे। बाजरे की खरीद 2625 रुपये की निर्धारित एमएसपी पर की जाएगी। गत वर्ष 77 हजार क्विंटल बाजरे की खरीद की गई थी। बाजरे और धान की खरीद के लिए सभी ब्लॉक और मंडी में केंद्र बनाए गए हैं। धान और बाजरा बेचने से पहले किसानों को विभागीय वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा।