जिला स्वास्थ्य समिति ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की नब्ज टटोली तो कई रोग उजागर हुए। इसके बाद उपचार भी किया गया। बैठक में डीएम ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में बिना पद के चार सालों से सेवा दे रहे संविदा कर्मी को तत्काल हटाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा महिला अस्पताल में कम सर्जरी पर सख्त चेतावनी दी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय सिहोरिया ने जिलाधिकारी राजेश कुमार के सामने सीएमओ कार्यालय में कार्य कर रहे संविदाकर्मी लालता की पत्रावली रखी। इस पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के एसीएमओ डा. दिलीप कुमार ने तर्क रखा कि मिशन में संविदा कर्मियों के अनवरत कार्य करने का आदेश है। डीएम ने पद की जानकारी मांगी।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने बताया शासन ने इस पद को ही समाप्त कर दिया है। इस पर डीएम ने संविदा कर्मी के कार्यरत होने पर हैरानी जताते हुए तत्काल सेवा से हटाने को कहा। डीएम ने महिला अस्पताल में ऑपरेशन की कम संख्या, फ्री ड्रॉप बैक योजना में मात्र 19 प्रतिशत रोगियों को लाभ मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जल्द सुधार करने के आदेश दिए हैं।
जिला अधिकारी ने संविदाकर्मी लालता प्रसाद को हटाने के लिए कहा है। हम संविदाकर्मी को हटाने की कार्रवाई कर रहे हैं।
डा. विवेक मिश्रा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मथुरा