गोवर्धन। थाना क्षेत्र में यूपी-राजस्थान बॉर्डर के पास गांव कौंथरा में बिना डीलरशिप के चल रहा पंप की डिस्पेंसर मशीन उखाड़ कर संचालक अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। अधिकारी मौके से मिले टैंक आदि की जांच कर रहे हैं।
30 व 31 मई को गोवर्धन क्षेत्र में एसडीएम राहुल यादव के निर्देश पर बिना डीलरशिप के संचालित चार पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई की गई थी। इसके बाद अमर उजाला ने जनपद भर में बिना डीलरशिप के संचालित करीब 57 पेट्रोल पंपों की खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद राया, सौंख, कौंथरा, मुड़सेरस आदि स्थानों पर अवैध तरीके से चल रहे पंप संचालकों में खलबली मच गई। संचालक डिस्पेंसर मशीन उखाड़ कर भाग गए थे।
शनिवार को कौंथरा में बिना डीलरशिप अनुमति के पंप दोबारा चालू कर दिया गया। जानकारी मिलने पर इसकी खबर मंगलवार को अमर उजाला में प्रकाशित की गई। एसडीएम ने इसका संज्ञान लिया और आपूर्ति निरीक्षक को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचती, उससे पहले संचालक मशीन उखाड़ कर फरार हो गए।
नायब तहसीलदार के निर्देशन में आपूर्ति निरीक्षक व पुलिस टीम को मौके पर भेजा था, लेकिन वहां डिस्पेंशर मशीन गायब मिली। मौके पर टैंक और स्टॉक आदि की जांच कराई जा रही है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राहुल यादव एसडीएम