मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र के चौक बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े भाजपा के महानगर महामंत्री के घर में बने मंदिर से चोरी हो गई। चोर एक लाख रुपये कीमत की चांदी की भगवान की मूर्तियां और बर्तन ले गए। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर का चेहरा दिखाई दे रहा है। पुलिस उसकी पहचान कर रही है।
पहली मंजिल पर रहता है परिवार
भाजपा के महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी चौक बाजार में परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि मकान के ऊपर के हिस्से में वह रहते हैं और नीचे के हिस्से में मंदिर बना है। शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब मंदिर में एक चोर घुस गया। चोर ने मंदिर में रखी शिव परिवार की मूर्तियां, 5 गाय, 4 श्रीयंत्र, एक लुटिया, 11 प्लेट (सभी चांदी के) चोरी कर ली। कुछ देर बाद वह नीचे आए तो चोरी की जानकारी हुई।
भाजपा नेता ने बताया कि चौक बाजार घनी बस्ती है, यहां चोरी की वारदात होना काफी गंभीर बात है। उन्होंने गोविंद नगर थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक चोर का चेहरा दिखाई दे रहा है। फुटेज की मदद से चोर की तलाश की जा रही है।