मथुरा। बरेली में चल रही 29वीं सीनियर यूपी स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप एवं छठवीं यूपी स्टेट अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मथुरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही स्पर्धा में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम कर नया कीर्तिमान बनाया।
पुरुष अंडर-23 डिस्कस थ्रो में हरीश कुमार ने 49.80 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण, सोहित ने 46.10 मीटर के प्रदर्शन से रजत और श्याम कुमार ने 45.25 मीटर थ्रो कर कांस्य पदक जीता। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में एक ही जिले के खिलाड़ियों का किसी एक स्पर्धा के तीनों पदक जीतना मथुरा के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है। हरीश कुमार ने ओपन वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में भी 49.90 मीटर का थ्रो कर कांस्य पदक जीता। इस तरह मथुरा के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में चार पदक अपने नाम किए।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार बाजपेई, उपाध्यक्ष संजय पाठक व विजय सिंह वर्मा, प्रतुल अग्रवाल, अभिषेक गर्ग, यादराम बघेल, जिला ओलंपिक संघ के सचिव महेंद्र सिंह राजपूत, एथलेटिक्स एसोसिएशन के सह सचिव पदम सिंह कौन्तेय, जिला फुटबॉल संघ के सचिव डॉ. दलवीर सिंह कौन्तेय आदि ने बधाई दी।