मथुरा। शरद पूर्णिमा पर ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर में राजाधिराज भक्तों को विशेष दर्शन देंगे। चांदनी में विराजमान होकर वह भक्तों पर कृपा बरसाएंगे। इसके लिए मंदिर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
पुष्टिमार्ग संप्रदाय के मंदिर ठाकुर द्वारिकाधीश के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि हर बार शरद पूर्णिमा पर मंदिर में विशेष आयोजन होता है। इस बार 6 अक्तूबर को शरण पूर्णिमा के पर्व पर विशेष दर्शन शाम साढ़े छह बजे से साढ़े सात बजे तक होंगे। इस दौरान राजाधिराज गर्भगृह से बाहर चांदनी में विराजमान होकर दर्शन देंगे। उन्होंने बताया कि इस दिन ठाकुरजी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त आते हैं। उनकी एक झलक पाकर ही भक्त खुद को धन्य समझते हैं। इसके लिए मंदिर में तैयारी शुरू हो गई हैं। मंदिर में सजावट के साथ ही भक्तों के सुलभ दर्शन के लिए भी व्यवस्थाएं की जाएंगी।