मथुरा। विधानसभा चुनाव में ६५ हजार लोग गड़बड़ी कर सकते हैं, पुलिस ने इन पर नजरें गढ़ा दी हैं। इनमें से अब तक साढ़े सात हजार को पाबंद भी कर लिया गया है। इसके अलावा ७ हजार लाइसेंसी हथियार भी जमा करा लिए गए हैं। पुलिस हर हाल में शांतिप्रिय चुनाव कराने के लिए कमर कस चुकी है।
जिले की पांच विधानसभा में १० फरवरी को मतदान होगा। पुलिस ने चुनावी तिथि की घोषणा से पूर्व ही कार्रवाई शुरू कर दी है। जनपद की पांचों विधानसभा में ६५ हजार लोगों को चिन्हित किया, जो चुनाव में गड़बड़ी कर सकते हैं। इन पर निगरानी बढ़ाने के संग ही इनमें करीब साढ़े सात हजार को पाबंद भी कर दिया गया है। साथ ही पुलिस लाइसेंसी हथियार भी जमा कराने में जुट गई है।
४५ गांव वर्नेवल और ३2७ मतदान केंद्र क्रिटिकल
जनपद में ४५ गांवों को वर्नेवल और ३२७ मतदान केंद्रों को क्रिटिकल के दायरे में रखा गया है। इन पर पुलिस पूरी निगाह रखे हुए हैं। पुलिस ऐसे पोलिंग स्टेशन और वर्नेवल के तहत आने वालों को समझा भी रही है।
दो कंपनी आरएएफ पहुंची मथुरा
अलीगढ़ से दो कंपनी (२६० जवान) आरएएफ की मथुरा पहुंच गई है। यह कंपनी मतदान केंद्रों समेत पूरे जनपद में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए रूट मार्च करेगी। लोगों में सुरक्षा की भावना भी पैदा करेगी। इन दोनों कंपनी को फरह और छाता में ठहराया गया है।
पुलिस की पूरी निगाह
६५ हजार लोगों को चिन्हित किया गया है। इनमें साढ़े सात हजार को पाबंद कर लिया गया है। बाकी जल्द ही पाबंद किए जाएंगे। इसके अलावा सात हजार लाइसेंसी हथियार जमा कराए गए हैं। जनपद में ४५ गांव वर्नेवल और ३२७ पोलिंग स्टेशन क्रिटिकल हैं।
- श्रीशचंद, एसपी देहात