नौहझील। नौहझील के गांव भैरई में ट्रैक्टर से कुचलकर की गई किसान की हत्या मामले की परतें धीरे-धीरे खुलने लगी हैं। पुलिस द्वारा की गई पड़ताल में पता चला है कि मामला महज लेनदेन का नहीं, बल्कि बकाया पर बेइज्जति से जुड़ा है। पांच दिन पूर्व मामले को लेकर गांव के मुअज्जिज लोगों की मौजूदगी में पंचायत हुई थी। बताया जा रहा है कि ओमवीर ने सभी के सामने आरोपी सोनू से अपना 25 हजार रुपया चुकाने का तगादा किया था। सार्वजनिक रूप से हुई बेइज्जति से सोनू बेहद नाराज था। इसी खुन्नस में उसने हत्याकांड को अंजाम दिया। आरोपी अभी भागा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
नौहझील के गांव भैरई में लेन-देन को लेकर हुई 47 वर्षीय किसान ओमवीर उर्फ करुआ की हत्या के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाली बातें सामने आ रही हैं। परिजनों से बात से साफ हुआ है कि यह वारदात अचानक आए गुस्से का नतीजा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश थी। आरोपी सोनू पांच दिनों से ओमवीर को ठिकाने लगाने की फिराक में था और आखिरकार उसे मौका मिल गया। मृतक ओमवीर के भतीजे श्याम के अनुसार, चाचा ओमवीर के सोनू पर कटर,भूसे व अन्य सामान के 25 हजार रुपये का बकाया था। जब भी चाचा उससे पैसों का तगादा करते तो आरोपी टालमटोल कर देता था। घटना से पांच दिन पहले पैसों के लेन-देन के मुद्दे पर आपस में गांव में 4-5 मुअज्जिज लोगों की एक बैठक हुई थी। इस बैठक में ओमवीर ने अपने बकाया पैसे मांगे। इसे सोनू ने अपनी घोर बेइज्जती मान लिया। बैठक के बाद से ही सोनू भयंकर गुस्से और तैश में था। उसने अपने एक-दो करीबियों से खुलेआम कहा था कि वह जल्द ही ओमवीर की जुताई कर देगा, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इस धमकी को इतने खौफनाक तरीके से सच कर दिखाएगा।
ओमवीर को शराब पिलाकर दिया वारदात को अंजाम
शनिवार को सोनू ने अपनी उसी साजिश के तहत काम किया। खेत पर जुताई के लिए पहुंचने के बाद सोनू ने ओमवीर को पहले जमकर शराब पिलाई। जब ओमवीर पूरी तरह से नशे की हालत में आ गए तो सोनू ने हैरो लगे ट्रैक्टर को चढ़ा दिया। सांस चलती देखकर दोबारा से ट्रैक्टर चढ़ाकर उनकी जान ले ली। घटना को अंजाम देने के बाद सोनू वहां से भाग निकला। पुलिस ने मृतक के भाई गोपाल सिंह की तहरीर पर आरोपी सोनू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
हत्यारोपी के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
हत्याकांड के बाद से ही गांव भैरई में मातमी सन्नाटा और दहशत का माहौल है। वारदात के कारणों को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। उधर, आरोपी सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके कुछ परिजनों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। हालांकि, मुख्य आरोपी सोनू अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर बना हुआ है। पुलिस का दावा है कि संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।